लखनऊ : उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के भीतर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, यूपी बीजेपी ने राज्यसभा की 8 संभावित सीटों के लिए करीब 25 नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है. प्रत्येक सीट के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किए जाने की बात सामने आ रही है. अंतिम फैसला बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा.
सूत्रों के अनुसार संभावित नामों में राजवीर सिंह राजू भैया, बीएल वर्मा, कुमार विश्वास, हरीश द्विवेदी, सुब्रत पाठक, त्र्यंबक त्रिपाठी, दुर्विजय शाक्य, सुरेश राणा, गीता शाक्य, रेखा वर्मा, प्रियंका रावत, कौशल किशोर, स्मृति ईरानी, कामेश्वर सिंह, दिलीप पटेल, अनिल अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, ममतेश शाक्य, रमापति राम त्रिपाठी, संजीव बालियान, सत्यपाल सिंह, हरदीप सिंह पुरी, बृजलाल, रामशंकर कठेरिया और प्रकाश पाल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं.
इन नामों में कई मौजूदा और पूर्व सांसदों के साथ संगठन में सक्रिय नेताओं को भी जगह दी गई है. स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी और बीएल वर्मा जैसे नामों की चर्चा पहले से सार्वजनिक रिपोर्टों में भी हो रही है. दरअसल, उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर 2026 को चुनाव होना है, इनमें बीजेपी की 8 सीटों पर स्थिति मजबूत मानी जा रही है, जबकि बाकी सीटों पर सपा समेत विपक्षी दलों का दावा है.
बीजेपी के सामने उम्मीदवार तय करते समय क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ संगठनात्मक समीकरण भी अहम रहने की चर्चा है. पार्टी के सामने मौजूदा सांसदों को दोबारा मौका देने और कुछ नए चेहरों को राज्यसभा भेजने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है. हालांकि, 25 नामों में से किन 8 चेहरों पर अंतिम मुहर लगेगी, इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा.