लखनऊ: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बसपा सुप्रीमो मायावती के बयान पर तीखा जवाब दिया है. मायावती ने आरोप लगाया था कि ईवीएम में धांधली कर भाजपा ने ही चंद्रशेखर को नगीना से जिताया है ताकि बसपा को नुकसान पहुंचाया जा सके. चंद्रशेखर ने कहा, “मुझे खुशी इस बात की है कि जो लोग कभी कहते थे कि कौन चंद्रशेखर, उन्हें इस देश की जनता ने बता दिया कि उनके लिए लड़ने वाला, सड़क पर संघर्ष करने वाला चंद्रशेखर कौन है.”
एक्स पर क्या लिखा?
अपने एक्स अकाउंट पर चंद्रशेखर ने लिखा कि बसपा सुप्रीमो की प्रेसवार्ता में चुनाव आयोग, ईवीएम और नगीना लोकसभा चुनाव को लेकर कही गई बातें उन्होंने सुनी. खुशी है कि अब बहनजी ने मान लिया है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एक बड़ी ताकत बन गई है.
उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो के प्रति उनके मन में सदैव सम्मान रहा है. उसी सम्मान के साथ कहना चाहते हैं कि नगीना की जनता ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें 5,12,552 वोट देकर अपना प्रतिनिधि चुना. यह केवल चुनावी जीत नहीं बल्कि जनता के भरोसे और प्रेम की जिम्मेदारी है. इस जनादेश के लिए वे नगीना की जनता के सदैव ऋणी रहेंगे.
बैलेट पेपर की मांग का समर्थन
चंद्रशेखर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाना लोकतंत्र में सभी का अधिकार है. वे खुद भी अधिकतम पारदर्शिता और मतपत्र से चुनाव की मांग करते रहे हैं. नगीना की जनता के जनादेश को किसी षड्यंत्र से जोड़ने से लाखों मतदाताओं की भावना आहत होती है.
उन्होंने जोर दिया कि उनकी राजनीति किसी व्यक्ति के विरोध पर नहीं बल्कि बहुजन समाज के सम्मान, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के संघर्ष पर आधारित है. मतभेद हो सकते हैं, लेकिन बहुजन समाज में संवाद, सम्मान और भाईचारा बना रहना चाहिए. बहनजी के प्रति सम्मान कल भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा.
उनके आशीर्वाद की प्रतीक्षा हमेशा रहेगी. उनके आशीर्वाद से ही पार्टी का नाम आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) है. मायावती ने सोमवार को ईवीएम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की थी और चंद्रशेखर की जीत पर सवाल उठाए थे.