सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने फिर किया पाकिस्तान पर हमला
''सकारात्मक'' नैरेटिव ने इस्लामाबाद के झूठ को कर दिया नाकाम
नई दिल्ली: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की नकारात्मक प्रचार-प्रसार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय सेना की सकारात्मक नैरेटिव ने इस्लामाबाद के झूठ को पूरी तरह से चीर-फाड़ दिया. जयपुर में 78वें सेना दिवस समारोह में शामिल होने के बाद जनरल द्विवेदी ने कहा, ''हमने ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की नकारात्मक प्रोपेगैंडा को अपनी सकारात्मक प्रोपेगैंडा से काउंटर किया, और हमारी प्रोपेगैंडा सच्चाई की प्रोपेगैंडा है.''
एक नई सामान्य स्थिति हुई स्थापित
सेना दिवस समारोह के दौरान भारतीय सेना की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करने के बाद, जनरल द्विवेदी ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने एक नई सामान्य स्थिति स्थापित कर दी है. पिछले दशक को परिवर्तन का दशक बताते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि हम न केवल वर्तमान के लिए, बल्कि भविष्य के युद्धों के लिए भी तैयारी कर रहे हैं. यदि हम लंबी लड़ाइयां जीतना चाहते हैं, तो हमें स्वदेशी हथियारों पर ध्यान देना होगा.
यूक्रेन-रूस से भी सीख लेने की जरूरत
उन्होंने कहा कि हमें यूक्रेन-रूस युद्ध से भी सीख लेनी होगी. हमने सीखा है कि कोई भी युद्ध की लंबाई का अनुमान नहीं लगा सकता, चाहे वह यूक्रेन-रूस संघर्ष हो या ऑपरेशन सिंदूर. हमने यह भी सीखा है कि छोटे रेजिमेंट ज्यादा फायदेमंद होते हैं.
जमीनी कार्रवाई के लिए तैयार थी सेना
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने खुलासा किया था कि यदि पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कोई गलत हरकत की कोशिश की होती, तो सशस्त्र बल पूरी तरह से जमीनी कार्रवाई शुरू करने के लिए तैयार थे. उन्होंने जोर दिया कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पारंपरिक सैन्य कार्रवाई की गुंजाइश को काफी बढ़ा दिया है. जनरल द्विवेदी ने कहा कि उन 88 घंटों में, आपने देखा कि सेना की तैनाती इतनी थी कि पारंपरिक क्षेत्र को बढ़ाने के लिए, यदि पाकिस्तान कोई गलती करता, तो हम पूरी तरह से जमीनी कार्रवाई शुरू करने के लिए तैयार थे.
जमीन पर अलग हकीकत दिखाई दी
सेना प्रमुख ने बताया कि पहले के आकलन में कहा जाता था कि पारंपरिक कार्रवाइयों का क्षेत्र सिकुड़ रहा है, और संघर्ष जल्दी ही सब-कन्वेंशनल से न्यूक्लियर स्तर तक बढ़ सकता है. हालांकि, उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की प्रतिक्रिया ने जमीन पर अलग हकीकत दिखाई.