जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से तीन चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव

Global Bharat 16 Aug 2024 04:29: PM 1 Mins
जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से तीन चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है. उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव 18 सितंबर से तीन चरणों में होंगे. इसे लेकर उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. पीसी में चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होंगे.

18 सितंबर को पहला चरण

चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी है कि पहले चरण के चुनाव 18 सितंबर को होंगे, दूसरे चरण के चुनाव 25 सितंबर को होंगे और तीसरे चरण के चुनाव 1 अक्टूबर को होंगे और मतों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी. उन्हों ने बताया कि पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की तारीख 27 अगस्त होगी, दूसरे चरण के लिए नामांकन 5 सितंबर को होगा और तीसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 12 सितंबर है.

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि कि जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के दौरान लोग चुनाव में भाग लेने के लिए वहां मौजूद थे. लंबी कतारें और उनके चेहरों पर चमक इस बात का प्रमाण थी...पूरे चुनाव में राजनीतिक भागीदारी खूब रही...हम चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र की परतें मजबूत हों.

14 अगस्त को को हुई थी बैठक

बता दें कि 14 अगस्त को चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला के साथ बैठक की थी. कुल 90 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से 74 सामान्य, नौ एसटी और सात एससी हैं. जम्मू-कश्मीर में कुल 87.09 लाख मतदाता हैं, जिनमें से 44.46 लाख पुरुष, 42.62 महिलाएं, 169 ट्रांसजेंडर, 82,590 दिव्यांग, 73943 अति वरिष्ठ नागरिक, 2660 शतायु, 76092 सेवा मतदाता और 3.71 लाख पहली बार मतदाता हैं. इस बीच, स्वतंत्र, निष्पक्ष और प्रलोभन मुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों, डीएम और एसपी को निर्देश दिए गए.

बताते चलें कि पिछले साल दिसंबर में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को 30 सितंबर, 2024 तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था. जम्मू-कश्मीर में दस साल के अंतराल के बाद चुनाव होंगे क्योंकि आखिरी विधानसभा चुनाव 2014 में हुए थे. जून 2018 में पीडीपी-बीजेपी गठबंधन सरकार गिर गई थी, जब बाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से समर्थन वापस ले लिया गया था.

Recent News