कोलकाता : पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने विवादित बयान दिया है. उन्होंने बयान देते हुए कहा कि बाबर, अकबर, हुमायूं और शाहजहां का बंगाल में अब कोई अस्तित्व नहीं बचा है. उन्होंने दावा किया कि बंगाल की राजनीति अब तुष्टिकरण से आगे बढ़ चुकी है और जनता विकास तथा सुरक्षा के मुद्दों पर सोच रही है.
समिक भट्टाचार्य ने मुस्लिम समाज की आर्थिक स्थिति को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि बंगाल के बड़ी संख्या में मुस्लिम युवक आज भाजपा शासित राज्यों में मजदूरी और रोजगार के लिए जा रहे हैं. उनके अनुसार, गुजरात, उत्तर प्रदेश और अन्य भाजपा शासित राज्यों में काम करने वाले बंगाली मुस्लिम बेहतर कमाई कर रहे हैं और वहां उन्हें रोजगार के अधिक अवसर मिल रहे है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुस्लिमों का कोई सच्चा रहनुमा नहीं है. वर्षों तक उन्हें केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया. अगर बंगाल के मुस्लिम समाज का सही विकास हुआ होता तो उन्हें दूसरे राज्यों में जाकर मेहनत मजदूरी नहीं करनी पड़ती. उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात के मुस्लिम आर्थिक रूप से अधिक सम्पन्न हैं, जबकि पश्चिम बंगाल के मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक दलों ने केवल नारों तक सीमित रखा.
उन्होंने राज्य की टीएमसी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बंगाल में उद्योग और रोजगार के अवसर लगातार कम हुए हैं. समिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग के विकास की बात करती है और धर्म के आधार पर राजनीति करने में विश्वास नहीं रखती. भाजपा नेता के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. विपक्षी दलों ने इसे मुस्लिम समुदाय को लेकर भड़काऊ टिप्पणी बताया है, जबकि भाजपा समर्थक इसे जमीनी सच्चाई कह रहे हैं.