बलिया : पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में अब सीबीआई जांच ने रफ्तार पकड़ ली है. शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह सीबीआई टीम ने बलिया में कई जगहों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की. जांच एजेंसी सबसे पहले आरोपी राज सिंह के आवास पहुंची, जहां घंटों तक पूछताछ की गई. टीम ने घर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग, मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सबूत अपने कब्जे में लिए हैं.
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई अधिकारियों ने राज सिंह के परिवार के सदस्यों से भी लंबी पूछताछ की. पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है, इसके बाद टीम सदर कोतवाली पहुंची, जहां हाई प्रोफाइल पूछताछ का दौर देर तक चलता रहा.
जांच एजेंसी अब चंद्रनाथ रथ से जुड़े करीबी लोगों, कपड़ा कारोबारियों और राज सिंह के दोस्तों की भूमिका भी खंगाल रही है. सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे सिर्फ निजी रंजिश थी या इसके तार किसी बड़े नेटवर्क और आर्थिक विवाद से जुड़े हुए हैं. मामले में चंद्रनाथ रथ की बहन दीपशिखा का बयान भी बेहद अहम माना जा रहा है. परिवार का कहना है कि सीबीआई जांच से पूरे सच का खुलासा होगा और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी.