लखनऊ : यूपी का लखनऊ यूनिवर्सिटी में एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है. जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह पर छात्रा से अश्लील बातचीत करने, परीक्षा में अनुचित लाभ देने का लालच देने और पेपर आउट कराने के गंभीर आरोप लगे हैं. मामले से जुड़े दो ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें आरोपी प्रोफेसर कथित तौर पर छात्रा पर मिलने का दबाव बनाते हुए सुनाई दे रहा है.
वायरल ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से कहता सुनाई देता है, “डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है, एग्जाम से पहले घर से आ जाओ।” इतना ही नहीं, वह खुद को छात्रा पर “फिदा” बताते हुए बार-बार मिलने की बात कर रहा है. ऑडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया.
मामले को गंभीरता से लेते हुए यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने हसनगंज थाने में तहरीर दी. तहरीर के आधार पर आरोपी प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, छात्रा को अनुचित लाभ देने का प्रलोभन, अश्लील वार्तालाप और परीक्षा प्रश्नपत्र आउट कराने जैसे गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है. मामले की विवेचना एसीपी महानगर को सौंपी गई है. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध करा दी है.