बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बिजली के करंट से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत के बाद भारी आक्रोश देखने को मिला. घटना नरही थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां बिजली लाइन में उतरे करंट की चपेट में आने से पिता और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही और समय पर बिजली आपूर्ति बंद न किए जाने के कारण यह हादसा हुआ.
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय बीजेपी विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं. मृतकों के परिजनों से मिलने के दौरान बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी वहां मौजूद थे. इसी बीच एक जूनियर इंजीनियर (JE) ने कथित तौर पर कहा कि हमें बहुत टेंशन है. यह सुनते ही विधायक का गुस्सा फूट पड़ा.
वायरल वीडियो में केतकी सिंह अधिकारी से कहती सुनाई देती हैं, क्या टेंशन हो गया तुम लोगों को... चलो, दिखाते हैं टेंशन किसको कहते हैं. इसके बाद वह JE का हाथ पकड़कर उसे घटनास्थल की ओर ले जाती हैं और विभाग की कथित लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताती हैं. आसपास मौजूद ग्रामीण भी बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते दिखाई देते हैं.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं, पिता-पुत्र की मौत के बाद परिजनों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि बिजली विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. घटना ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा और विभागीय जवाबदेही को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है.