बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने युवक पर हिंदू नाम बताकर प्रेमजाल में फंसाने, शादी करने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी युवक कय्यूम व उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
पीड़िता के मुताबिक, साल 2023 में वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती थी. वहीं, उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राज गुप्ता बताया. युवती का आरोप है कि युवक खुद को हिंदू दिखाने के लिए माथे पर तिलक लगाता, हाथ में कलावा पहनता और मंदिर जाता था. इसी भरोसे में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं.
युवती का कहना है कि मार्च 2024 में आरोपी उसे शादी का झांसा देकर बरेली के रामपुर हाईवे स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी उसे गुरुग्राम ले गया और गर्भपात का दबाव बनाने लगा. विरोध करने पर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला गया.
लेकिन मामला तब पलटा जब आरोपी का भाई दोनों को मोदीनगर ले गया और युवती को बताया गया कि यह शादी सिर्फ मजाक थी. पीड़िता ने आरोपी के भाई पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है. सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब युवती को पता चला कि राज गुप्ता का असली नाम कय्यूम है.
पीड़िता का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर मारपीट, धमकी और टुकड़े करके फ्रीज में भर देने जैसी धमकियां दी गईं. मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि शिकायत की गंभीरता से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
