नई दिल्ली: भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और उनके पति विवेक कुमार (उर्फ अभिषेक कुमार सिंह चौहान) पर एक बड़े ठगी के मामले में नाम आया है. मुंबई के पंतनगर पुलिस स्टेशन ने 28 जनवरी 2026 को इसकी FIR दर्ज की, जहां एक बिजनेसमैन ने आरोप लगाया कि उन्हें 11.50 करोड़ रुपए की चपत लगाई गई.
शिकायतकर्ता हितेश कांतिलाल अजमेरा (52 वर्ष) घाटकोपर, मुंबई के रहने वाले हैं और कस्टम क्लियरेंस के बिजनेस से जुड़े हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी खुद को भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े नाम बताते थे. आकांक्षा ने दावा किया कि अंधेरी में उनका अपना फिल्म स्टूडियो और एक्टिंग ट्रेनिंग सेंटर है.
कैसे दिया ठगी को अंजाम?
विवेक कुमार ने एक झूठी कहानी गढ़ी कि बिहार के बेतिया इलाके में एक गोदाम में उनके 300 करोड़ रुपए नकद फंसे हुए हैं, जो कुछ कानूनी पेचीदगियों की वजह से नहीं निकाले जा पा रहे. उन्होंने हितेश को लालच दिया कि अगर वे इस रकम को "छुड़ाने" में मदद करेंगे (यानी निवेश करेंगे), तो बदले में उन्हें 200 करोड़ रुपए ब्याज-मुक्त लोन मिलेगा. साथ ही फिल्म स्टूडियो में हिस्सेदारी, नाम, शोहरत और इंडस्ट्री में एंट्री का वादा भी किया गया.
एक्ट्रेस ने खुद दिलाया भरोसा
आकांक्षा ने खुद पीड़ित को भरोसा दिलाया और विश्वास मजबूत करने के लिए उन्हें पटना भी ले गईं, जहां फर्जी दस्तावेज और गोदाम से जुड़े कागज दिखाए गए. मार्च से जुलाई 2024 के बीच हितेश ने विभिन्न बैंक खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए. धोखा तब खुला जब 5 जुलाई 2024 को विवेक हितेश को बेतिया ले जा रहा था. रास्ते में मिठाई खरीदने के बहाने कार से उतरा और फिर गायब हो गया. फोन भी स्विच ऑफ हो गया. शुरुआत में बहाने बनाए, लेकिन बाद में पूरी तरह संपर्क टूट गया.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और विश्वासघात से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. जांच जारी है, और इस हाई-प्रोफाइल केस में आकांक्षा अवस्थी, उनके पति और कुछ अन्य साथियों की भूमिका की पड़ताल हो रही है. यह मामला भोजपुरी इंडस्ट्री में फिल्मी नाम और बड़े प्रॉफिट के लालच से जुड़ी ठगी का एक और उदाहरण बन गया है. अभी तक आरोपी पक्ष की कोई प्रतिक्रिया सार्वजनिक नहीं हुई है.