भोजपुर : बिहार के भोजपुर जिले से कानून-व्यवस्था को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में एक बदमाश को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा. आरोप है कि युवक ने थानेदार के सीने पर करीब 20 मिनट तक पिस्टल तानकर रखा और पुलिसकर्मियों को गोली मारने की धमकी देता रहा.
जानकारी के अनुसार, भरत तिवारी उर्फ भारत की सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ तस्वीरें वायरल हुई थीं. इतना ही नहीं, उस पर जगदीशपुर के एसडीएम को एनकाउंटर करने की धमकी देने वाले आपत्तिजनक पोस्ट करने का भी आरोप है. शिकायत मिलने के बाद भोजपुर एसपी के निर्देश पर शाहपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ आरोपी के घर छापेमारी करने पहुंचे थे.
घटना के दौरान आरोपी अपने घर के बाहर हाथ में पिस्टल लेकर बैठा था और पुलिस अधिकारियों से बहस करता रहा. वायरल वीडियो में वह हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि जब एक सैप जवान ने अपनी राइफल कॉक कर आरोपी की ओर तानी तो माहौल और तनावपूर्ण हो गया. इस बीच आरोपी ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि किसी ने चालाकी की तो वह कई पुलिसकर्मियों को गोली मार देगा.
हालात बिगड़ते देख आरोपी की मां बीच-बचाव के लिए सामने आई और उसे शांत कराने की कोशिश की, इसके बाद थानाध्यक्ष ने किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए अपनी टीम को पीछे हटने का निर्देश दिया. नतीजतन पुलिस बिना आरोपी को गिरफ्तार किए और बिना हथियार बरामद किए वापस लौट गई.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.