नई दिल्ली/मुंबई: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस को बड़ा खुलासा हुआ है. मामले का मुख्य सूत्रधार बिहार के समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र गुप्ता को बताया जा रहा है. गुप्ता फिलहाल फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए चार राज्यों में छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिजेंद्र गुप्ता पिछले 25 वर्षों से पेपर लीक रैकेट में सक्रिय है. उस पर पहले भी कई परीक्षाओं के लीक के आरोप लग चुके हैं.
एक निजी मीडिया ऑर्गेनाइजेशन की 2024 की स्टिंग ऑपरेशन में गुप्ता शामिल था, जिसमें उसने खुद को इस रैकेट का पुराना खिलाड़ी बताया था. भिवंडी पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली-हरियाणा के कुछ लोग मुंबई आए हैं और TET का प्रश्नपत्र बेचने की डील कर रहे हैं. इस सूचना पर कोंगांव इलाके में छापा मारकर पुलिस ने आकाश, राजीव और धीरज नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके पास से TET के चार सेट प्रश्नपत्र बरामद हुए. पूछताछ में इन आरोपियों ने बिजेंद्र गुप्ता का नाम लिया, जिसके बाद उसे पूरे गैंग का मास्टरमाइंड माना गया.
परीक्षा स्थगित
पेपर लीक की आशंका के चलते महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून को प्रस्तावित TET परीक्षा स्थगित कर दी है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित कर दी है. शिक्षा विभाग बरामद पेपर की असली TET प्रश्नपत्र से जांच कर रहा है. महाराष्ट्र पुलिस ने अब जांच का दायरा बढ़ा दिया है. टीम पटना और समस्तीपुर में छापेमारी कर चुकी है. दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी तलाशी अभियान जारी है.
पुलिस का कहना है कि गुप्ता के निर्देश पर ही तीनों आरोपी काम कर रहे थे. पेपर की डील करोड़ों रुपये में हो रही थी. यह मामला परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल उठाता है. लाखों अभ्यर्थी अब नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे हैं. पुलिस आगे की जांच में और गिरफ्तारियों की संभावना जता रही है.