जयपुर में SIR के चलते BLO ने ट्रेन से कटकर दी जान, सुसाइड नोट में अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

Amanat Ansari 17 Nov 2025 12:32: PM 1 Mins
जयपुर में SIR के चलते BLO ने ट्रेन से कटकर दी जान, सुसाइड नोट में अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली: जयपुर के बिंदायका रेलवे फाटक पर रविवार तड़के मतदाता सूची संशोधन में लगे BLO मुकेशचंद जांगिड़ (48) ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली. उनकी जेब से बरामद सुसाइड नोट में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के भारी दबाव, अधिकारियों द्वारा लगातार परेशान करने और काम न करने पर निलंबन की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं.

पुलिस के अनुसार, कालवाड़ रोड के धर्मपुरा निवासी मुकेश सुबह करीब 5:10 बजे बाइक से फाटक पहुंचे. फाटक बंद होने पर उन्होंने बाइक खड़ी की और स्टेशन पार कर रही ट्रेन के सामने कूद गए. सूचना मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर SMS अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.

मृतक के पिता नानगराम के घर जैसे ही यह खबर पहुंची, माहौल गमगीन हो गया. शाम को शव घर लौटा तो पत्नी मीना देवी, बेटियां अन्नू व ज्योति तथा पुत्र अंशु रो-रोकर बेहोश हो गए. भाई गजानंद ने बताया कि घटनास्थल पर मुकेश की जेब में नकदी, चाबियां और सुसाइड नोट मिला. नोट में ताराचंद बुनकर नामक व्यक्ति पर लगातार तंग करने का जिक्र था.

पुलिस ने नोट जब्त कर लिया और फोटो लेने से भी रोक दिया. मुकेश नारी का बास सरकारी स्कूल में तैनात थे और 11 वर्षों से BLO का दायित्व निभा रहे थे. उनके खिलाफ कभी कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई. अधिकारियों का कहना है कि मुकेश बेहतरीन BLO थे, लेकिन यदि कोई शिकायतें सामने आती हैं तो अलग से जांच होगी.

BLO Suicide SIR Jaipur Rajasthan

Recent News