लखनऊ : अयोध्या में बृजभूषण शरण सिंह के बयान ने यूपी की सियासत में फिर नई चर्चा छेड़ दी है. सपा के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर उनका नाम चर्चा में आने के बीच पूर्व भाजपा सांसद महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्यसभा से लेकर 2027 विधानसभा चुनाव और अखिलेश यादव से अपने रिश्तों पर खुलकर बात की.
सपा के तीसरे प्रत्याशी के तौर पर नाम चलने के सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने इन अटकलों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि उनका किसी नंबर पर नाम नहीं है और राज्यसभा चुनाव लड़ने की उनकी कोई योजना नहीं है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने उनकी तारीफ की है तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है, वह भी अखिलेश की तारीफ करते हैं.
बृजभूषण ने कहा कि अखिलेश यादव से उनके व्यक्तिगत संबंध अच्छे हैं. वह पहले उनकी पार्टी से सांसद रह चुके हैं और अखिलेश अच्छे व्यक्ति हैं. उन्होंने साफ किया कि इन व्यक्तिगत रिश्तों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि वह भाजपा में हैं और अखिलेश यादव सपा में हैं.
जब उनसे आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. इससे पहले भी वह 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात कह चुके हैं. विधायकों के एक-दूसरे के संपर्क में होने के दावों पर बृजभूषण ने कहा कि कोई सपा के 25 विधायक उनके संपर्क में होने की बात कहता है तो कोई भाजपा विधायकों के संपर्क में होने का दावा करता है. इन दावों पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
बाबा रामदेव के मुस्लिम समाज को लेकर दिए बयान पर भी बृजभूषण ने सहमति जताई. उन्होंने कहा कि वह यह बात पहले से कहते आए हैं और उनके अनुसार मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग हिंदू समाज से गए हैं.