देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया के लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में आरएसएस कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी की मौत हो गई. गुरुवार शाम हुए विवाद के बाद गंभीर रूप से घायल रामेश्वर को पहले लार सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मिली जानकारी के मुताबिक, रामेश्वर तिवारी लार थाना क्षेत्र के रक्शा टोला भीखम छपरा गांव के रहने वाले थे. गांव में सड़क को लेकर उनका अपने पट्टीदारों से काफी समय से विवाद चल रहा था. रिपोर्ट के मुताबिक रास्ते की पैमाइश भी कराई गई थी. गुरुवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई.
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने रामेश्वर तिवारी पर लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर दिया. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. परिजन उन्हें तत्काल लार सीएचसी लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, विवाद सड़क पर ब्रेकर बनवाने को लेकर भी जुड़ा था. रामेश्वर के कहने पर सड़क पर ब्रेकर बनाया गया था, जिसका गांव के एक परिवार ने विरोध किया. इसी को लेकर विवाद बढ़ने की बात सामने आई है. घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस अब मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और विवाद की पूरी वजह की पड़ताल कर रही है.