लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में जुटी है. इसी कड़ी में भाजपा ने अपने विभिन्न मोर्चों की नई प्रदेश टीमों का ऐलान किया है. अनुसूचित मोर्चा, किसान मोर्चा और महिला मोर्चा की नई कार्यकारिणी में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश दिखाई दे रही है. इसके साथ ही अनुसूचित मोर्चा के छह संगठनात्मक क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित किए गए हैं.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति के बाद अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत ने 43 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी की सूची जारी की. टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, चार महामंत्री और 12 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं. पुष्पेंद्र पासी, आलोक कुमार, कमलेश जाटव और परदेशी रविदास को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है. धीरज प्रधान वाल्मीकि को कोषाध्यक्ष बनाया गया है.
अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्षों में पश्चिम से अखिल कुमार, बृज से विशाल वाल्मीकि, कानपुर से सलिल श्रीवास, अवध से अरुण रावत, काशी से शैलेश राम और गोरखपुर से विजय सोनकर को जिम्मेदारी दी गई है.
वहीं, किसान मोर्चा में भी 43 सदस्यीय प्रदेश टीम घोषित की गई है. रामबाबू द्विवेदी, वीके गंगवार, राजकुमार शर्मा समेत 12 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है. बन्धु उपेंद्र सिंह, नागेंद्र सिकरवार, रामानंद कटियार और आशीष त्रिपाठी प्रदेश महामंत्री होंगे.
महिला मोर्चा की टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष और दो प्रदेश महामंत्री बनाए गए हैं. डॉ. रश्मि रावल, प्रिया अग्रवाल, कल्पना तिवारी, मनीषा शुक्ला समेत अन्य नेताओं को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. वर्षा कौशिक और अनिता सिंह प्रदेश महामंत्री बनाई गई हैं. महिला मोर्चा के छह क्षेत्रीय अध्यक्षों में पश्चिम की अचला सिंह जाट, बृज की चन्द्रेश गुप्ता, कानपुर की मोना शुक्ला, अवध की डॉ. श्वेता सिंह, काशी की सुनीता राजेश सिंह और गोरखपुर की संध्या त्रिपाठी शामिल हैं.
इसके अलावा भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अनस साजिद उस्मानी को जिम्मेदारी दी है. इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने संगठन के अलग-अलग सामाजिक वर्गों और क्षेत्रों में अपनी टीम को सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है.