कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से PM मोदी ने की बात, बोले- सरकार हर कदम पर आपके साथ

Amanat Ansari 01 Oct 2026 10:00 PM 2 Mins
कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से PM मोदी ने की बात, बोले- सरकार हर कदम पर आपके साथ

नई दिल्ली: फ्लाईदुबई विमान में गंभीर संकट के बीच अदम्य साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बातचीत की है. पीएम मोदी ने उनकी पत्नी और माता-पिता से बात कर कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना की और परिवार को हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा दिया.

परिवार से बात कर पीएम ने बढ़ाया हौसला

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन मच्छार के पिता भूपेंद्र, मां गीता और पत्नी सोनल से बातचीत की. उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छार ने जिस साहस और सूझबूझ का परिचय दिया, उससे विमान में सवार सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली. प्रधानमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि भारतीय मिशन लगातार उनके संपर्क में हैं और हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. 

PM मोदी पहले ही बता चुके हैं ‘हीरो’

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कैप्टन स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताते हुए उनकी बहादुरी की तारीफ की थी. पीएम ने कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के अपने संकल्प से समझौता नहीं किया और उनके साहस से एक बड़ी त्रासदी टल गई. बाद में UPSC के शताब्दी समारोह में भी प्रधानमंत्री ने कैप्टन मच्छार के साहस, धैर्य और सूझबूझ की चर्चा की और कहा कि उनके प्रयासों ने संभावित बड़े हादसे को टालने में भूमिका निभाई.

कॉकपिट में हमले के बाद तेजी से नीचे आया था विमान

फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान FZ1073 में बुधवार को कॉकपिट के भीतर हिंसक घटना हुई थी. रिपोर्टों के मुताबिक, सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला किया. गंभीर चोट लगने के बावजूद मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की. विमान को बाद में सऊदी अरब के ताबुक में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. 

सऊदी अरब में सर्जरी, फिर दुबई ले जाया गया

घटना के बाद कैप्टन मच्छार का ताबुक के अस्पताल में आपातकालीन ऑपरेशन किया गया. बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए दुबई ले जाया गया. भारतीय अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई गई है. उनका परिवार भी दुबई पहुंच गया है. कैप्टन मच्छार की बहादुरी की प्रधानमंत्री मोदी के अलावा इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सराहना की है.

भारतीय दूतावास के अधिकारी भी परिवार के संपर्क में हैं और इलाज तथा अन्य जरूरी सहायता के समन्वय में जुटे हैं. कैप्टन स्मित मच्छार की कहानी इस समय देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है. गंभीर परिस्थितियों में उन्होंने जिस तरह यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी, उसके बाद उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं.

Recent News