नई दिल्ली: केरल के त्रिशूर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक महिला अपने पुरुष दोस्त के साथ लॉज में ठहरी थी. तभी पुलिस का भेष धारण किए लोगों का एक गिरोह कमरे में घुस गया. दोनों को बांधकर और मुंह बंद करके जबरन ले जाया गया. पुरुष की पिटाई की गई और महिला के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप है. मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
पुलिस को शक है कि यह हमला पुरुष की पत्नी के इशारे पर ‘क्वोटेशन’ के रूप में कराया गया. घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है. तमिलनाडु के तिरुप्पुर निवासी पुरुष (गुणाशेखरन) और महिला त्रिशूर के केएसआरटीसी बस स्टैंड के पास एक प्राइवेट लॉज में रुके थे.
पुलिस के अनुसार, छह सदस्यों का गिरोह पुलिसकर्मी बनकर कमरे में घुसा. दोनों को बांध दिया गया, कपड़े से मुंह बंद किया गया और कार में बिठाकर तिरुप्पुर की ओर ले जाया गया. रास्ते में पुरुष की बुरी तरह पिटाई की गई, जिसके हाथ-पैरों में कई फ्रैक्चर हो गए. उसे तिरुप्पुर के पास एक अस्पताल के बाहर छोड़ दिया गया. इसके बाद गिरोह के दो सदस्यों ने महिला को दूसरी गाड़ी में बिठाया और कथित तौर पर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया.
जांच में पता चला कि पुरुष की पत्नी देवी (27) ने फोन लोकेशन ट्रैक करके गिरोह को जानकारी दी थी. पत्नी को शक था कि पति किसी और महिला के साथ है. गिरफ्तार आरोपियों में पत्नी देवी के अलावा थॉमस, पॉलराज, शंकर और रघुपति शामिल हैं.
एक आरोपी को कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास पकड़ा गया, बाकी को तमिलनाडु के विभिन्न जगहों से गिरफ्तार किया गया. मामला पहले तमिलनाडु पुलिस में दर्ज हुआ था, बाद में इसे त्रिशूर सिटी पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस जांच जारी है. आरोपियों को अदालत में पेश किया जा चुका है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.