गोंडा: भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को योग गुरु बाबा रामदेव पर फिर से निशाना साधा. उन्होंने कहा कि रामदेव ने ‘स्वदेशी’ के नाम पर जो अभियान शुरू किया था, उसमें अब नकली उत्पाद और विदेशी सामान भी शामिल हो गए हैं. साथ ही उन्होंने रामदेव को चुनौती दी कि अगर आंदोलन करना है तो इस बार ‘सिंदूर-सलवार’ पहनकर नहीं, बल्कि मर्द की तरह निर्णायक लड़ाई लड़ें.
गोण्डा जिले के एक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए बृजभूषण ने कहा कि रामदेव ने शुरुआत में स्वदेशी का झंडा उठाया था और उस समय उनका आंदोलन जायज था. लेकिन अब वे व्यंग्य करते हुए बोले कि रामदेव विदेशी अंडरगारमेंट्स भी बनाने लगे हैं. उन्होंने देश में नकली घी की समस्या का जिक्र करते हुए रामदेव को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया.
दोनों के बीच विवाद 2022 से चल रहा है. तब बृजभूषण ने रामदेव और पतंजलि के एमडी बालकृष्ण से पतंजलि नाम का इस्तेमाल बंद करने की मांग की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली उत्तर प्रदेश के गोण्डा (जो बृजभूषण का गृह क्षेत्र है) के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया. 2023 में रामदेव ने उन महिला पहलवानों का समर्थन किया था, जिन्होंने बृजभूषण (तब कुश्ती संघ के अध्यक्ष) पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी.