उत्तर प्रदेश के गोंडा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सड़के हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है और 2 लोग घायल हो गए हैं. आरोप लगाया जा रहा है कि बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और भाजपा प्रत्याशी करण भूषण शरण सिंह के काफिले में शामिल कार ने 4 लोगों को कुचल दिया है. हादसे के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोंडा जिले के करनैलगंज हुजूरपुर मार्ग पर कैसरगंज से करण भूषण का काफिला हुजूरपुर की तरफ जा रहा था. इसी दौरान बैकुंठ डिग्री कॉलेज के पास सड़क पार कर रहे बाइक सवार को काफिले में मौजूद एक फॉर्च्यूनर गाड़ी ने रौंद दिया, जिससे बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई और अन्य घायल हैं. इस गाड़ी पर पुलिस एस्कॉर्ट लिखा था.
वहीं हादसे में शामिल फॉर्च्यूनर गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और काफिले में शामिल सभी लोग वहां से फरार हो गए. घटना के बाद मौके पर जबरदस्त तनाव पैदा हो गया है. आक्रोशित लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया है.
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक शवों को पोस्टमार्टम के लिए न ले जाने की जिद पर अड़े लोगों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई. हालांकि काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. जानकारी मिली है कि हादसे में शामिल गाड़ी नंदनी एजुकेशन इंस्टीट्यूट के नाम से रजिस्टर है. इस इंस्टीट्यूट के फाउंडर कैसरगंज के सांसद बृजभूषण सिंह हैं.
बता दें कि करण सिंह कैसरगंज सीट से मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे हैं. सांसद बृजभूषण शरण तीन बार के सांसद हैं. इस बार बीजेपी ने बृजभूषण शरण सिंह की जगह उनके छोटे बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया है.
करण के बड़े भाई प्रतीक भूषण सिंह बीजेपी के विधायक हैं. बता दें कि करण सिंह के चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास 7 लाख रुपये की 32 बोर की एक पिस्टल है. इसके अलावा 13 लाख रुपये की शॉर्टगन और 7 लाख रुपये की रायफल भी है. वहीं, करण के पास 6 गाड़ियां और 22 एकड़ जमीन भी है.