बिजनौर: बिजनौर जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र में भाई ने भाई पर मकान विवाद को लेकर गोली चला दी. घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच करने में जुट गई है. दरअसल, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया.
जानकारी मिली है कि फिना कॉलोनी निवासी जुबेर को उसके ही सगे भाई शादाब ने दो साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी. गोली जुबेर के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि मकान को लेकर दोनों भाइयों में काफी समय से विवाद चल रहा था.
घायल जुबेर का आरोप है कि शादाब ने उसके घर के ताले तोड़ दिए थे, जिसकी शिकायत उसने पुलिस में की थी. इसी बात से नाराज होकर शादाब ने अपने साथियों संग हमला कर दिया और गोली चला दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जुबेर को जिला मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.