बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. नेपानगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के नवर्रा गांव में 35 वर्षीय महिला भाग्यश्री नामदेव धानुक की कथित तौर पर धर्म परिवर्तन और शादी से इनकार करने पर बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय शेख रईस ने भाग्यश्री के घर में घुसकर उनकी गला रेतकर और कई बार चाकू मारकर हत्या कर दी.
घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. भाग्यश्री की बहन सुभद्रा बाई ने गंभीर आरोप लगाया: "रईस उसका उत्पीड़न करता था, उसके बाल पकड़कर मारता था और लंबे समय से शादी और इस्लाम में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाल रहा था. मेरी बहन ने इनकार किया, तो उसने रात में घर में घुसकर उसका गला काट दिया." बुरहानपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश ने पुष्टि की.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और अत्याचार की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और वह हिरासत में है. प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की अवैध संपत्तियों को चिह्नित किया. एसडीएम भगीरथ वखाला ने कहा, "आरोपी ने अतिक्रमण और अवैध गतिविधियां की हैं. प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया है." इस घटना ने हिंदू समुदाय में गुस्सा भड़का दिया.
प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधि अमित वरुड़े ने इसे "लव जिहाद" का मामला बताते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "भाग्यश्री ने तीन-चार दिन पहले ही शिकायत दर्ज की थी, लेकिन आरोपी को छोड़ दिया गया. उसे फांसी दी जानी चाहिए." पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.