नई दिल्ली: राजस्थान के बीकानेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है. पुलिस ने जब सभी की लाश बरामद की तो पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई. मृतकों की पहचान नितिन खत्री, उनकी पत्नी रजनी और 18 साल की बेटी जेसिका के रूप में हुई है. पूरी घटना बीकानेर के वल्लभ गार्डन कॉलोनी की बताई जा रही है. लोगों को घटना की जानकारी तब हुई, जब घर से बदबू आने लगी थी.
स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला. पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि घर के मुखिया नितिन खत्री की लाश फंदे से लटकी हुई थी, वहीं उनकी पत्नी और बेटी के शव फर्श पर पड़े हुए थे. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शवों की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह घटना करीब 15 दिन पहले की हो सकती है.
घर से तेज बदबू आ रही थी, जिस कारण पुलिस और एफएसएल टीम को मास्क लगाकर अंदर जाना पड़ा. पड़ोसियों ने बताया कि इस परिवार को पिछले कुछ दिनों से नहीं देखा गया था, जिसके बाद संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पड़ोसियों का कहना है कि घर के अंदर से बदबू भी आ रही थी, जिसके कारण शक और गहरा गया कि जरूर कुछ अनहोनी हुई है. पुलिस पूरे मामले का खुलासा करने में जुटी हुई है.
मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय पुलिस की ओर से जानकारी मिली है कि नितिन खत्री व्यापारी थे, जो बिजली फिटिंग का सामान बेचते थे. इस काम में उसकी पत्नी रजनी भी सहयोग करती थी. पुलिस जांच में पता चला है कि नितिन खत्री कर्ज और व्यापार घाटे के कारण परेशान था. प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि आर्थिक तंगी के कारण सामूहिक आत्महत्या हो सकती है. हालांकि पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
पुलिस ने जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया, जिसने घटना स्थल से कई साक्ष्य एकत्रित किए. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात को कोई और तो अंजाम नहीं दिया है. फिलहाल लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. दावा किया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत कारणों का खुलासा होगा. लोगों में उत्सुकता है कि आखिर पूरे परिवार के लोगों ने क्यों इतना बड़ा कदम उठाया.