नई दिल्ली: सोशल मीडिया एक ऐसा शब्द जो चाहे तो फर्श से अर्श पर पहुंचा दे और अगर इसका गलत इस्तमाल करो तो अर्श से फर्श तक भी पहुंचा सकती है. ऐसा ही कुछ हुआ है हमीरपुर में, जहां बर्थडे पर बदमाशी कुछ युवाओं को ज्यादा ही भारी पड़ गई. वीडियो तो बनाया था ये सोच कर कि माहौल बनेगा. लोग वीडियो देखेंगे तो गिनती छटे हुए लोगों में होने लगेगी. लोग आकर पूछेंगे, लेकिन मामला एकदम उल्टा ही पड़ गया. अब लोग तो नहीं पूछ रहे लेकिन पुलिस जरूर पूछ रही है. वो भी वारंट लेकर. इस पूरी घटना के बारे में आपको बताएंगे बताते हैं.
दरअसल, एक वीडियो सोशल मीडिया पर अचानक से वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवा जन्मदिन का जश्न मना रहे होते हैं, जिस लड़के को केक काटना है, उसका साथी आता है, एक देसी तमंचा हाथ में पकड़ाता है, फिर उसी तमंचे से केक भी काटा जाता है. और फिर इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर दिया जाता है. इस वीडियो के अंदर एक महिला को भी तमंचा थामे युवा के पास खड़े हुए देखा जा रहा है.
जब ये वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचता है तो पुलिस विभाग एकदम सतर्क हो जाता है. हमीरपुर पुलिस तुरंत एक्शन लेती है. छानबीन की जाती है. तो पता चलता है कि जहां ये तमंचे से केक काटा गया है वो जगह राठ कोतवाली क्षेत्र में पड़ती है, जिसके बाद से पुलिस इन तमंचाधारियों के पीछे लगी हुई है.
हालांकि अभी तक पुलिस को कोई भी लड़का मिला तो नहीं है, लेकिन ये वीडियो एक बात सोचने पर मजबूर कर देती है कि समाज में युवा किस तरफ जा रहे हैं. आजकल ऐसे वीडियो वायरल होना आम बात होती है जा रही है. कुछ दिन पहले की ही बात है जब कानपुर में एक अपराधी ने अपनी रील बनाई थी. जिसके बाद यूपी पुलिस ने उसे घसीटकर जेल भेज दिया था. इस गैंग्सटर का नाम था अजय ठाकुर, जिसने जिला बदर होने के बावजूद गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने के लिए कानून को ताक पर रख दिया था. लेकिन पुलिस का डंडा ऐसा चला कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया.