कांग्रेस में जाने की अटकलों के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अमित शाह से की मुलाकात, फोटोज शेयर किए

Amanat Ansari 06 Jun 2026 10:07: PM 1 Mins
कांग्रेस में जाने की अटकलों के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अमित शाह से की मुलाकात, फोटोज शेयर किए

नई दिल्ली: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस मुलाकात की तस्वीरें कैप्टन ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं. कैप्टन ने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अमित शाह से पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.

बैठक में पंजाब में भाजपा की रणनीति और पार्टी का जनाधार बढ़ाने पर भी बात हुई. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब पिछले कुछ समय से कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में अपनी अनदेखी और नाराजगी जता रहे थे. हाल ही में केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने से पहले उनसे सलाह न लिए जाने पर कैप्टन ने खुलकर नाराजगी व्यक्त की थी.

इसके बाद कांग्रेस में उनकी घर वापसी की अटकलें तेज हो गई थीं. दो दिन पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने भी दावा किया था कि कैप्टन उनके संपर्क में हैं. कैप्टन लंबे समय से कांग्रेस की तारीफ करते आए हैं और कह चुके हैं कि भाजपा में उनसे पूछताछ नहीं की जाती, जबकि कांग्रेस में उन्हें परिवार जैसा सम्मान मिलता था.

अभी यह साफ नहीं है कि कैप्टन की अमित शाह से मुलाकात नाराजगी दूर करने का प्रयास है या फिर पार्टी के अंदर अपनी भूमिका मजबूत करने की रणनीति. इस मुलाकात के बाद पंजाब की सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.

Captain Amarinder Singh Amit Shah Punjab News Congress

Recent News