शादी के स्टेज पर तान दी बंदूक! अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दुल्हन अन्नू रानी और दूल्हे साहिल पर दर्ज हुआ मुकदमा

Amanat Ansari 19 Nov 2025 09:53: PM 1 Mins
शादी के स्टेज पर तान दी बंदूक! अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दुल्हन अन्नू रानी और दूल्हे साहिल पर दर्ज हुआ मुकदमा

नई दिल्ली: मेरठ के एक लग्जरी रिसोर्ट में मंगलवार को देश की स्टार ज्वैलिन थ्रोअर अन्नू रानी की शादी धूमधाम से हुई. दूल्हा कोई और नहीं, नेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियन साहिल भारद्वाज. बारात मर्सिडीज में आई, डीजे पर रिश्तेदार झूमे, नोटों की बारिश हुई, सब कुछ फिल्मी था. लेकिन जयमाला के वक्त जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया.

स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और तभी साहिल ने दुनाली बंदूक निकाली. पहले साहिल ने हवा में कई राउंड फायर किए, फिर बंदूक अन्नू रानी के हाथ में थमाई. देश की नंबर-1 ज्वैलिन थ्रोअर ने भी मुस्कुराते हुए ट्रिगर दबाया और गोलियाँ आसमान में चली गईं. मेहमान तालियाँ बजाने लगे, किसी ने मोबाइल निकाला और वीडियो वायरल हो गया.

बस यही वीडियो दोनों के लिए मुसीबत बन गया. सरधना पुलिस ने संज्ञान लिया और बुधवार को अन्नू रानी और साहिल भारद्वाज के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस अब ये पता लगा रही है कि लाइसेंसी बंदूक थी या नहीं, और अगर थी तो किसके नाम की.

अन्नू रानी वही एथलीट हैं जिन्होंने गन्ने की छड़ियों से प्रैक्टिस शुरू की थी, जिनके पास कभी जूते तक नहीं थे, जिन्होंने एशियाई खेलों में गोल्ड जीता, कॉमनवेल्थ में सिल्वर जीता, और आज देश का नाम रोशन कर रही हैं. लेकिन शादी के जश्न में एक पल की मस्ती ने उन्हें कानूनी पचड़े में डाल दिया.

फिलहाल दोनों हनीमून पर जाने की तैयारी में थे, लेकिन अब पहले थाने का चक्कर लगाना पड़ेगा. उधर सोशल मीडिया पर लोग दो हिस्सों में बंट गए हैं, एक तरफ लोग कह रहे हैं कि शादी है भाई, जश्न में क्या गलत किया. दूसरी तरफ लोग लिख रहे है कि जो खिलाड़ी देश को मेडल दिलाते हैं, उन्हें कम से कम कानून का पालन तो करना चाहिए. अब देखना ये है कि पुलिस इस हर्ष फायरिंग को कैसे हैंडल करती है. क्योंकि जिस बंदूक से अन्नू ने गोली चलाई, वो असल में किसी और की भी हो सकती है. 

Annu Rani Gun firing Wedding Firing Sahil Bhardwaj

Recent News