लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने यूपी को लेकर बड़ा सियासी संकेत दिया है. चिराग ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी कर रही है.
चिराग पासवान ने साफ किया कि फिलहाल यह तय नहीं है कि चुनाव के समय किस दल के साथ गठबंधन होगा. उन्होंने कहा कि कल गठबंधन बनेगा या नहीं, यह भविष्य की बात है, लेकिन पार्टी संगठन को मजबूत करने और 403 सीटों पर तैयारी करने में जुटी है। उनके मुताबिक, गठबंधन की राजनीति में केवल अपनी सीटों के बारे में सोचना सही नहीं है.
चिराग ने कहा कि अगर गठबंधन होता है तो उनके समर्थकों का प्रभाव सहयोगी दलों को भी चुनावी फायदा पहुंचा सकता है. इसी रणनीति को ध्यान में रखते हुए पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी कर रही है.
एनडीए से बात नहीं बनने की स्थिति में इंडिया गठबंधन के साथ जाने के सवाल पर चिराग ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा कि बिहार और राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन को लेकर तस्वीर स्पष्ट है. दूसरे राज्यों में गठबंधन हो या न हो, इसे लेकर उनकी पार्टी चिंतित नहीं है.
रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के मौके पर चिराग ने कहा कि यह दिन उनके लिए सिर्फ अपने पिता को याद करने का है और राजनीति की चर्चा वह अगले दिन करेंगे. योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव और मायावती को निमंत्रण देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके पिता के सभी नेताओं से मधुर संबंध रहे हैं, इसलिए सभी को आमंत्रित किया गया.
चुनाव आयोग को लेकर चल रहे विवाद पर चिराग ने कहा कि आयोग की निष्पक्षता पर सवाल नहीं उठना चाहिए. हालांकि, आयोग पर लगाए गए आरोपों का जवाब देना उसकी जिम्मेदारी है. विपक्ष के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि केवल हंगामा खड़ा करना समाधान नहीं है. उनकी सलाह है कि अपॉइंटमेंट लेकर सवाल पूछे जाएं और जवाब नहीं मिलने पर दोबारा प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाए.