लखनऊ : उन्नाव में बुधवार को आयोजित विकसित भारत सेवा संकल्प ज्योति यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीजेपी के मोहान विधायक बृजेश रावत मशाल की आग की चपेट में आकर झुलस गए. घटना जिला मुख्यालय स्थित गांधीनगर तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई. सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया था.
कार्यक्रम में बीजेपी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि हाथों में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हो रहे थे. इसी दौरान मशाल जलाने के समय केमिकल विधायक के हाथों पर गिर गया. देखते ही देखते उनके हाथ झुलस गए. हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभाला और विधायक को मदद पहुंचाई.
इसके बाद बृजेश रावत को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया. स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार विधायक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है. हादसे में उनकी मदद करने के दौरान एक सहयोगी के भी आग की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है.
उन्नाव में यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया गया था. इससे पहले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जानकारी दी गई थी कि सेवा ज्योति यात्रा के साथ विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन होगा. कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के अलावा पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना बताया गया है. हालांकि, यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने कार्यक्रम के बीच अचानक चिंता का माहौल पैदा कर दिया.