25 साल के जनसेवा सफर पर पीएम मोदी ने आडवाणी से लिया आशीर्वाद, बोले- देश के लिए उनका योगदान अमिट है

Amanat Ansari 07 Oct 2026 08:24 PM 1 Mins
25 साल के जनसेवा सफर पर पीएम मोदी ने आडवाणी से लिया आशीर्वाद, बोले- देश के लिए उनका योगदान अमिट है

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने के खास मौके पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की. पीएम मोदी ने आडवाणी जी से आशीर्वाद लिया और उनके दशकों के योगदान की सराहना की. मुलाकात के दौरान पीएम मोदी आडवाणी जी को गुलदस्ता देते और उनसे बात करते नजर आए. एक तस्वीर में पीएम उनके हाथ पर हाथ रखे हुए भी दिखे.

मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, “आडवाणी जी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया. उनकी दशकों की जनसेवा और देश के लिए योगदान ने अमिट छाप छोड़ी है. भारत की प्रगति को मजबूत करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है.” बता दें कि नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे.

इसके बाद वे करीब 12.5 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और 2014 से लगातार प्रधानमंत्री पद पर हैं. इस तरह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में वे 25 साल से सरकार के प्रमुख पद पर हैं. मोदी के राजनीतिक सफर में लालकृष्ण आडवाणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. बीजेपी में लंबे समय तक आडवाणी पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और मोदी के शुरुआती दिनों में भी उनका योगदान माना जाता है.

इस मौके पर बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने भी पीएम मोदी को बधाई दी. पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने उनके 25 साल के सफर की सराहना की. बीजेपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस यात्रा को याद किया.

PM Modi Narendra Modi LK Advani PM Modi Meets LK Advani Narendra Modi 25 Years

Recent News