सपा के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह अब बीजेपी के होंगे, 14 अक्टूबर को ग्रहण करेंगे सदस्यता

Global Bharat 07 Oct 2026 11:22 PM 1 Mins
सपा के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह अब बीजेपी के होंगे, 14 अक्टूबर को ग्रहण करेंगे सदस्यता

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह अब बीजेपी का दामन थामने जा रहे हैं. अमेठी के गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह 14 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे. सदस्यता ग्रहण करने का कार्यक्रम गौरीगंज जिला मुख्यालय स्थित मंगलम भवन में आयोजित किया जाएगा, उनके बीजेपी में शामिल होने की तैयारियां तेज हो गई हैं.

राकेश प्रताप सिंह पिछले काफी समय से सपा से दूरी बनाए हुए हैं और लगातार बीजेपी के कार्यक्रमों में सार्वजनिक मंच पर नजर आ रहे हैं. उनके बीजेपी नेताओं के साथ बढ़ती नजदीकियों को देखते हुए पहले से ही उनके पाला बदलने के कयास लगाए जा रहे थे. अब 14 अक्टूबर के कार्यक्रम के साथ इन अटकलों पर विराम लगने जा रहा है.

राकेश प्रताप सिंह 2012 से समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह पर गौरीगंज विधानसभा सीट से विधायक हैं. लंबे समय तक सपा के मजबूत नेताओं में उनकी गिनती होती रही है. हालांकि, राज्यसभा चुनाव के दौरान उनके रुख ने पार्टी के साथ उनके रिश्तों में बड़ा बदलाव ला दिया.

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद सपा ने राकेश प्रताप सिंह के खिलाफ कार्रवाई की थी. पार्टी ने उन्हें बगावत के आरोप में निष्कासित कर दिया था, इसके बाद से ही उनके बीजेपी के करीब जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं.

अब बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद राकेश प्रताप सिंह की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं. खास तौर पर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले उनका बीजेपी में जाना अमेठी की सियासत के लिए अहम माना जा रहा है. गौरीगंज में उनके समर्थकों के बीच भी इस कार्यक्रम को लेकर हलचल बढ़ गई है.

Rakesh Pratap Singh BJP Join SP Rebel MLA Gauriganj MLA UP Assembly Election 2027

Description of the author

Recent News