किसी के पास 370 करोड़ की दौलत, किसी के पास रिवॉल्वर-पिस्टल, राज्यसभा उम्मीदवारों की पूरी संपत्ति आई सामने

Global Bharat 07 Oct 2026 10:31 PM 1 Mins
किसी के पास 370 करोड़ की दौलत, किसी के पास रिवॉल्वर-पिस्टल, राज्यसभा उम्मीदवारों की पूरी संपत्ति आई सामने

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव की तस्वीर लगभग साफ हो गई है. भारतीय जनता पार्टी के आठ और समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है. नामांकन के दौरान उम्मीदवारों की ओर से दाखिल किए गए शपथपत्रों में उनकी संपत्ति और असलहों से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। खास बात यह है कि सभी उम्मीदवार करोड़पति हैं.

सपा के उम्मीदवार धनराज परिमल के पास करीब 370 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति बताई गई है, जबकि पार्टी के दूसरे प्रत्याशी प्रोफेसर रामगोपाल यादव के पास 14 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है. वहीं, भाजपा के आठों प्रत्याशियों की संपत्ति भी करोड़ों में है.

शपथपत्र के मुताबिक भाजपा उम्मीदवार विद्यासागर सोनकर के पास करीब 18.75 करोड़ रुपये की पारिवारिक कुल संपत्ति है,  इसमें करीब 11 करोड़ रुपये की संपत्ति विरासत में मिली बताई गई है. श्रुति गंगवार के पास करीब 14.81 करोड़ रुपये की संपत्ति है. उनके नाम दिल्ली, बेंगलुरु और ग्रेटर नोएडा में आवासीय संपत्तियां हैं, लेकिन उनके पास खुद के नाम कोई वाहन नहीं है.

राधाकांत ओझा के पास करीब 11.95 करोड़, प्रियंका सिंह रावत के पास 9.42 करोड़, धर्मपाल सिंह के पास 7.46 करोड़, गोपी कृष्ण पांडेय के पास 5.62 करोड़, राम प्रताप सिंह के पास 2.61 करोड़ और प्रकाश पाल के पास 2.16 करोड़ रुपये की पारिवारिक कुल संपत्ति दर्ज है.

असलहों की बात करें तो गोपी कृष्ण पांडेय के पास एक रिवॉल्वर है. धर्मपाल सिंह के पास एक रायफल और एक रिवॉल्वर है, जबकि उनकी पत्नी के नाम भी एक रिवॉल्वर दर्ज है. प्रियंका सिंह रावत के पास एक विदेशी और एक देसी पिस्टल बताई गई है. राम प्रताप सिंह के पास .32 बोर रिवॉल्वर है. वहीं,  रामगोपाल यादव के पास भी दो असलहे बताए गए हैं. प्रियंका के पास 500 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और करीब पांच लाख रुपये के हीरे भी बताए गए हैं.

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा के आठ और सपा के दो उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है. दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन में जरूरी 10 विधायकों के प्रस्तावक हस्ताक्षर नहीं होने के कारण उनके नामांकन खारिज होने की संभावना है. उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है.

UP Rajya Sabha Election Rajya Sabha Candidates Property BJP SP Rajya Sabha Candidates Candidates Assets And Revolvers UP Rajya Sabha Election 2026

Description of the author

Recent News