प्रयागराज : बिहार में मोदी के हनुमान चिराग पासवान उत्तर प्रदेश में बीजेपी की टेंशन बढ़ा सकते हैं. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में एनडीए के साथी चिराग पासवान की पार्टी ने अकेले लड़ने का ऐलान कर दिया है. चिराग पासवान की पार्टी यूपी में अकेले शक्ति प्रदर्शन करेगी और 403 विधानसभा सीटों पर अपनी उम्मीदवारों को उतारेगी. पार्टी के ऐलान के बाद यूपी में सियासी तपिश बढ़ने की उम्मीद है. एक तरफ जहां बीजेपी वोट बैंक के हिसाब से जातियों को साधने में जुटी हुई है. ऐसे में चिराग की पार्टी के मैदान में आने के बाद बीजेपी को नुकसान पहुंचना तय है.
लोजपा रामविलास के पूर्वी यूपी अध्यक्ष राजीव पासवान ने बताया कि 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेंगे. इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में पार्टी "यूपी फर्स्ट, यूपी वाले फर्स्ट" के मिशन से चुनावी मैदान में उतरेगी. पार्टी ने ऐलान किया कि वाराणसी और प्रयागराज के विधान परिषद स्नातक सीटों पर भी उम्मीदवारों को उतारेगी. पूर्वी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दोनों सीटों पर उम्मीदवारों का चयन हो चुका है. बहुत जल्द ही उनके नाम का ऐलान किया जाएगा. वर्तमान में दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी काबिज है.
अखिलेश पर साधा निशाना
राजीव पासवान ने अकेले लड़ने के ऐलान के साथी सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पीडीए के नाम पर सिर्फ अखिलेश यादव वंचित समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. कहा कि जहां पर दलितों के साथ उत्पीड़न होता है और उनके साथ अत्याचार होता है. वहां पर अखिलेश यादव नहीं बोलते हैं. वोट लेने की बारी आती है तो उन्हें पड़ा याद आता है खैर यूपी चुनाव में अगर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास मैदान में आती है तो एनडीए को नुकसान होना तय माना जा रहा हैं.