‘FriYAY प्लान्स? हमारे पास आइडियाज हैं!’ सेंट्रल पार्क बंद होने के बावजूद CJP का शाम 5 बजे तिरंगा मार्च का आह्वान

Amanat Ansari 16 Oct 2026 03:05 PM 1 Mins
‘FriYAY प्लान्स? हमारे पास आइडियाज हैं!’ सेंट्रल पार्क बंद होने के बावजूद CJP का शाम 5 बजे तिरंगा मार्च का आह्वान

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को अपने समर्थकों और आम जनता से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शाम 5 बजे ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने का आह्वान किया है. यह आह्वान तब किया गया जब नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों से शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क को आम जनता के लिए बंद रखने की घोषणा कर दी है.

CJP ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “FriYAY plans? We got ideas for you!” (शुक्रवार के प्लान्स? हमारे पास आइडियाज हैं!). पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के तहत यह मार्च निकाल रही है. CJP ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रही है और कथित चुनावी अनियमितताओं का आरोप लगा रही है. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वह किसी उपयुक्त स्थान पर चुनिंदा लोगों को तिरंगा लहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा उपलब्ध करा सकती है.

दीपके बोले- तिरंगा लहराने पर जेल जाने को तैयार

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार देर रात कहा कि उन्हें डर है कि दिल्ली पुलिस उन्हें हिरासत में ले सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर पर निगरानी रखी जा रही है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने कहा, “हम शांतिपूर्वक सेंट्रल पार्क जाएंगे और तिरंगा लहराएंगे. अगर आप इसे अपराध मानते हैं तो आप सबसे बड़े देशद्रोही हैं. तिरंगा लहराने के लिए अगर जेल जाना पड़े तो हम तैयार हैं.”  

उन्होंने पार्क बंद करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर कई जगहों पर तिरंगा लहराया जाए तो क्या सभी जगह बंद कर दी जाएंगी? दीपके ने आरोप लगाया कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहन उनका पीछा कर रहे हैं और खुफिया ब्यूरो के जवान चौकीदार से अपडेट ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि हिरासत के डर से वे नहीं डरेंगे.  

दीपके ने 13 अक्टूबर को जंतर मंतर पर तिरंगा लहराने के दौरान गिरफ्तार सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मांग सरकार बदलने की नहीं, बल्कि स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रक्रिया से नए चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की है. उन्होंने मौजूदा स्थिति को “इमरजेंसी” करार दिया. प्रशासन का कहना है कि पार्क प्रशासनिक कारणों से बंद किया गया है. राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. CJP का यह आह्वान विवाद को और बढ़ा रहा है.

Recent News