मां की अंतिम विदाई पर भावुक हुए सीएम योगी, छलक पड़े आंसू, अर्थी को कंधा देकर दी आखिरी विदाई

Global Bharat 21 Nov 2026 10:27 AM 2 Mins
मां की अंतिम विदाई पर भावुक हुए सीएम योगी, छलक पड़े आंसू, अर्थी को कंधा देकर दी आखिरी विदाई

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन का शनिवार का दिन बेहद भावुक कर देने वाला रहा. राजनीति के मैदान में बड़े-बड़े फैसले लेने वाले और सख्त प्रशासक की छवि रखने वाले मुख्यमंत्री योगी मां की अंतिम विदाई के समय अपने आंसुओं को नहीं रोक सके. मां सावित्री देवी की अर्थी को कंधा देते समय उनकी आंखें नम हो गईं. मां को अंतिम विदाई देते हुए योगी कुछ पल के लिए भावनाओं में डूब गए. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद परिजन और ग्रामीण भी भावुक हो उठे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर निधन हो गया था. वह लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से परेशान थीं. मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पहुंचे और पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए. उन्होंने मां के चरणों में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

शनिवार सुबह करीब सात बजे पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास से सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शुरू हुई. फूलों से सजी अर्थी को जब घर से बाहर निकाला गया तो पूरा गांव गमगीन हो गया. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां की अर्थी को कंधा दिया. अंतिम यात्रा में परिजन, ग्रामीण और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को हरिद्वार के चंडीघाट ले जाया गया.

मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर अपनी मां के साथ तस्वीर साझा करते हुए बेहद भावुक शब्दों में श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा, माँ… ॐ शांति. उनके इस छोटे से संदेश ने लोगों को भावुक कर दिया। तस्वीर में मां के अंतिम दर्शन करते हुए योगी के चेहरे पर गम साफ नजर आया.

 मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे. वहां करीब 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण से जुड़े कार्यक्रम में उनकी सहभागिता थी. व्यक्तिगत दुख के बावजूद उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम पूरा किया और इसके बाद उत्तराखंड के लिए रवाना हुए.

योगी आदित्यनाथ ने युवावस्था में ही सांसारिक जीवन छोड़कर संन्यास का मार्ग अपना लिया था. उनका बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट है. परिवार से दूर रहकर गोरक्षपीठ की जिम्मेदारी और फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने लंबा सफर तय किया, लेकिन मां के प्रति उनका भावनात्मक रिश्ता हमेशा चर्चा में रहा. मां की अंतिम विदाई के दौरान सामने आई तस्वीरों ने यह दिखा दिया कि जिम्मेदारियों और पद की ऊंचाई के बावजूद मां का स्थान जीवन में कितना खास होता है.

CM Yogi Adityanath Savitri Devi Yogi Mother Death CM Yogi Emotional News Yogi Mother Last Rites

Description of the author

Recent News