योगी की पाती में उत्तर प्रदेश दिवस 2026: उल्लेखनीय प्रगति, मजबूत इच्छाशक्ति और कानून-व्यवस्था पर की बात

Amanat Ansari 22 Jan 2026 10:06: PM 1 Mins
योगी की पाती में उत्तर प्रदेश दिवस 2026: उल्लेखनीय प्रगति, मजबूत इच्छाशक्ति और कानून-व्यवस्था पर की बात

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेशवासियों को एक प्रेरणादायक संदेश भेजा है, जिसमें उन्होंने राज्य की उल्लेखनीय प्रगति पर प्रकाश डाला. उन्होंने लिखा कि हमारा प्रदेश, जो कभी चुनौतियों और नीतिगत उपेक्षा से जकड़ा हुआ था, अब मजबूत इच्छाशक्ति से उन बंधनों को तोड़कर भारत की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख चालक बन चुका है. हमने मजबूत कानून-व्यवस्था और सुशासन की नींव रखी, जिससे माफिया और अपराध का दबदबा खत्म हुआ. पहले निवेशक यहां से दूर भागते थे, लेकिन आज वे यहां निवेश के लिए उत्सुक हैं.

कृषि के क्षेत्र में यूपी ने खाद्य सुरक्षा की मजबूत स्तंभ की भूमिका निभाई है. किसानों तक बाजार की सीधी पहुंच, पारदर्शी भुगतान और आय में वृद्धि से अन्नदाता सशक्त हुए हैं. उद्योगों में तेज विस्तार हुआ है, जिससे पलायन रुका और रोजगार के अवसर बढ़े. लेबर सुधार, एमएसएमई को बढ़ावा, कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप और एक जिला-एक उत्पाद जैसी योजनाओं ने स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच दिया.

महिलाओं की भागीदारी में अभूतपूर्व सुधार आया है. बेटियों के लिए जन्म से लेकर शिक्षा और विवाह तक सहायता, वृद्धों-दिव्यांगों के लिए पेंशन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और कनेक्टिविटी में सुधार ने जीवन स्तर ऊंचा किया. अयोध्या, काशी, मथुरा जैसे स्थलों से सांस्कृतिक जागरण हुआ, त्योहारों में स्वदेशी का उत्साह बढ़ा.

हमने गरीबी उन्मूलन के लक्ष्य के साथ करोड़ों लोगों को मुख्यधारा में लाया. डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को रुकावटों से सफलता, राजस्व घाटे से अधिशेष और अशांति से उत्सव की ओर ले जाकर मजबूत बनाया. अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस पर हम विकसित यूपी के संकल्प को नई ऊर्जा देंगे. सबके सहयोग से यह यात्रा और तेज होगी. सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.

CM Yogi Yogi ki Pati Uttar Pradesh UP GDP

Recent News