अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के विवाद पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार सख्त और स्पष्ट बयान दिया है. अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे CM योगी ने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के लिए भक्तों ने 500 साल इंतजार किया है, इसलिए अब 15 दिन और इंतजार कर लीजिए.
CM योगी का पूरा बयान
सीएम योगी ने कहा, ''आपने राम मंदिर के लिए 500 साल इंतजार किया है. अब 15 दिन और इंतजार कर लीजिए. ट्रस्ट के अनुरोध पर SIT गठित की गई है. SIT दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी. कोई अपराधी बख्शा नहीं जाएगा.'' उन्होंने राम भक्तों से अपील की कि अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं. जांच चल रही है, इसलिए इस दौरान किसी भी तरह की अनर्गल बयानबाजी न करें, जो राम भक्तों की भावनाओं को आहत करे.
CM योगी ने कहा, ''यदि किसी के पास इस मामले से संबंधित कोई दस्तावेजी सबूत है तो SIT को सौंप दें. प्रभु श्रीराम ने हमें मर्यादा का पालन सिखाया है, इसलिए सभी को मर्यादा में रहना चाहिए. जांच प्रभावित करने वाली कोई बयानबाजी न की जाए.
विपक्ष पर तीखा हमला
सीएम योगी ने अखिलेश यादव और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राम भक्तों पर लाठी-गोली चलाने वाले आज राम भक्तों के अपमान की बात कर रहे हैं. जो लोग बाबर को मानते थे, राम जन्मभूमि पर दर्शन करने नहीं आए, आज अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस कहती थी “राम है ही नहीं”, तब अपमान नहीं होता था? आज राम भक्तों के नाम पर मचल रही है.
विकास पर फोकस
CM योगी ने बताया कि अयोध्या में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं. रुदौली विधानसभा क्षेत्र में आज 126 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT जांच चल रही है और इस मामले पर सियासी घमासान भी तेज हो गया है. CM योगी के बयान से अब 15 दिनों तक किसी भी तरह की अनावश्यक बहस पर विराम लगने की उम्मीद है.