'मैं दलित हूं, मुझे मां-बहन की गालियां दी गईं... राहुल जी से शिकायत करूंगी...' अजय राय से झड़प पर भड़कीं कांग्रेस नेत्री ममता चौधरी

Amanat Ansari 12 Oct 2026 02:29 PM 1 Mins
'मैं दलित हूं, मुझे मां-बहन की गालियां दी गईं... राहुल जी से शिकायत करूंगी...' अजय राय से झड़प पर भड़कीं कांग्रेस नेत्री ममता चौधरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान रविवार को हुए बवाल के बाद महिला कांग्रेस नेत्री ममता चौधरी ने अपना पक्ष रखा है. उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना को दलित विरोधी बताया.

आज तक से बात करते हुए ममता चौधरी ने कहा, ''मैं दलित हूं... और ये जो घटना हुई है वो दलित विरोधी है. मुझे मां-बहन की गालियां दी गईं, अपशब्दों का प्रयोग किया गया, कहा गया कि मारो साली को... औकात दिखाई गई. अब मैं कांग्रेस में ऊपर बात करूंगी, राहुल जी से शिकायत करूंगी.'' उन्होंने अजय राय को दलित विरोधी और आक्रामक स्वभाव का व्यक्ति बताया.

घटना के दौरान अजय राय अपने समर्थकों के साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे थे. ममता चौधरी के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि ‘मुझे देखने का शौक नहीं है’, लेकिन बात बिगड़ गई. अजय राय बिफर गए और उनके समर्थकों में कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई. जूते-चप्पल भी चले. ममता चौधरी ने आगे कहा कि महिला कांग्रेस विंग दीदी (आराधना मिश्रा) का स्वागत करने के लिए इंतजार कर रही थी.

अचानक पूर्व अध्यक्ष मुड़े और चिल्लाए, ‘अपनी हद में रहो!’ उनके साथी आक्रामक होकर चप्पल और जूते लहराने लगे तथा महिलाओं पर हमला करने लगे. उन्होंने दावा किया कि यह दो गुटों का टकराव नहीं, बल्कि पुरुषों बनाम महिलाओं का मामला था. ममता ने कहा कि अजय राय को हमेशा से दलितों से दिक्कत रही है. पूरी महिला कांग्रेस राहुल गांधी के पास जाएगी और उनके बर्ताव की शिकायत करेगी.

Recent News