नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को सांस संबंधी परेशानी के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के अनुसार, उन्हें सोमवार रात करीब 10 बजे अस्पताल लाया गया, जहां जांच में पता चला कि दिल्ली की ठंड और बढ़ते प्रदूषण के असर से उनका ब्रोंकियल अस्थमा हल्का सा बढ़ गया था.
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और वे इलाज का अच्छा जवाब दे रही हैं. उन्हें एंटीबायोटिक्स के साथ-साथ अन्य जरूरी दवाएं दी जा रही हैं. एहतियातन उन्हें निगरानी में रखा गया है, और डिस्चार्ज का फैसला उनकी क्लिनिकल स्थिति देखकर लिया जाएगा. संभवतः एक-दो दिन में उन्हें छुट्टी मिल सकती है.
इस बीच, सोनिया गांधी से जुड़े एक पुराने मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई टाल दी है. यह मामला भारतीय नागरिकता मिलने से पहले कथित तौर पर मतदाता सूची में नाम शामिल करने से संबंधित है. याचिका अधिवक्ता विकास त्रिपाठी ने दाखिल की थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि 1980-81 की मतदाता सूची में उनका नाम गलत तरीके से जोड़ा गया.
कोर्ट में सोनिया गांधी की तरफ से विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया, क्योंकि रिकॉर्ड कई दशक पुराने हैं. अदालत ने यह अनुरोध स्वीकार कर लिया और मामले की अगली सुनवाई 7 फरवरी के लिए निर्धारित कर दी.