'कांग्रेस विधायक ने छात्रा का हाथ पकड़ा...' वायरल वीडियो पर BRS का बड़ा हमला, विधायक बोले- पिता जैसा प्यार था

Amanat Ansari 07 Oct 2026 09:30 PM 2 Mins
'कांग्रेस विधायक ने छात्रा का हाथ पकड़ा...' वायरल वीडियो पर BRS का बड़ा हमला, विधायक बोले- पिता जैसा प्यार था

नई दिल्ली/हैदराबाद: तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (BRS) के बीच एक नया राजनीतिक घमासान छिड़ गया है. बीआरएस नेताओं ने कांग्रेस विधायक मालेरेड्डी रंगा रेड्डी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने चलती बस में एक छात्रा को गलत तरीके से छुआ. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में इब्राहिमपट्टनम से कांग्रेस विधायक मालेरेड्डी रंगा रेड्डी को बस में दो छात्राओं से बातचीत करते देखा जा सकता है.

वे महिलाओं के लिए कांग्रेस सरकार की ‘महालक्ष्मी’ मुफ्त बस यात्रा योजना के बारे में चर्चा कर रहे थे. वीडियो में छात्राएं बताती हैं कि वे पिछले एक साल से इन सरकारी बसों में सफर कर रही हैं और इस योजना की वजह से सालाना करीब 45,000 रुपये की बचत हो रही है. इसी बातचीत के दौरान विधायक एक छात्रा का हाथ पकड़े नजर आते हैं.

BRS नेता का तीखा हमला

इस वीडियो के वायरल होने के बाद बीआरएस नेता डॉ. आर.एस. प्रवीण कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सवाल उठाया, ''विधायक को छात्रा का हाथ पकड़ने और उसे गलत तरीके से छूने की क्या जरूरत थी? क्या ये जुर्म नहीं है? क्या ये किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं है?''

प्रवीण कुमार ने तेलंगाना राज्य महिला आयोग से कानूनी सलाह लेकर विधायक को समन करने की मांग की. एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, ''डीजीपी महिला सुरक्षा यहां SHE टीमें कहां हैं? RTC कंडक्टर से शिकायत लें और IPC की धारा 354 के तहत मामला दर्ज करें. बीजेपी और कांग्रेस दोनों महिलाओं का अपमान करने में एक-दूसरे से मुकाबला कर रहे हैं.''

विधायक की सफाई

वहीं, विधायक मालेरेड्डी रंगा रेड्डी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वे पिता की तरह प्रेम के साथ छात्राओं से योजना के बारे में बात कर रहे थे, जिसे बीआरएस ने राजनीतिक रूप से तोड़-मरोड़कर पेश किया है. विधायक ने बताया कि 6 अक्टूबर को जिला कलेक्टर कार्यालय में बैठक के बाद वे शहर के बाहरी इलाके बोन्गुलुरु से बस में सवार हुए थे. बस में आम लोगों से बातचीत के दौरान कुछ छात्राओं ने भीड़ देखते हुए और ज्यादा बसें चलाने की रिक्वेस्ट की थी.

उन्होंने कहा कि बस जब मोड़ ले रही थी, तब बनाया गया वीडियो बीआरएस गलत मतलब निकाल रही है. विधायक ने जोर देकर कहा कि वे महिलाओं का पूरा सम्मान करते हैं. यह घटना महालक्ष्मी मुफ्त बस योजना के लाभार्थियों से बातचीत के दौरान हुई बताई जा रही है. राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

Recent News