Azim Premji University: बेंगलुरु के अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के कैंपस में मंगलवार शाम को कश्मीर से जुड़े एक विवादास्पद कार्यक्रम को लेकर तनावपूर्ण माहौल बन गया. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परिसर में 'स्पार्क' नामक छात्र समूह द्वारा आयोजित चर्चा में जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग दिखाने और भारतीय सेना के खिलाफ आपत्तिजनक बातें रखी जा रही थीं, जिसके बाद ABVP के सदस्यों ने विरोध जताया.
गेट पर जमा होकर विरोध जताया, जो जल्द ही उग्र रूप ले लिया. कुछ कार्यकर्ता कैंपस के अंदर घुस गए, जहां उन्होंने यूनिवर्सिटी के नाम वाले बोर्ड पर काली स्याही पोती और दीवारों पर 'बैन स्पार्क' जैसे नारे लिख दिए. नारेबाजी के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बताते हुए संस्थान पर देश-विरोधी गतिविधियों को संरक्षण देने का इल्जाम लगाया.
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने की कड़ी निंदा
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस घटना की कड़ी निंदा की और स्पष्ट किया कि जिस कार्यक्रम को लेकर यह हंगामा हुआ, उसे कभी आधिकारिक अनुमति नहीं दी गई थी. प्रशासन के बयान के अनुसार, शाम करीब 6 बजे लगभग 20 लोगों का ग्रुप जबरन परिसर में दाखिल हुआ, जहां उन्होंने जोर-शोर से नारे लगाए, संपत्ति को क्षति पहुंचाई और सुरक्षा कर्मियों व छात्रों के साथ हाथापाई की.
कई प्रदर्शनकारी पुलिस हिरासत में
पुलिस को सूचना मिलते ही सरजापुर थाने की टीम ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 18 से 25 के बीच ABVP से जुड़े लोगों को निरोधात्मक हिरासत में लिया गया. कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. यूनिवर्सिटी ने कहा कि बाहरी तत्वों द्वारा की गई इस हिंसा और अफरा-तफरी से शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ है, जो बेहद चिंताजनक है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसमें दोनों पक्षों के दावों की पड़ताल की जा रही है.