नई दिल्ली: चंडीगढ़ के हरियाणा सिविल सचिवालय में बुधवार दोपहर एक दुखद घटना घटी, जहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने भवन की छठी मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के रूप में हुई है, जो आईएएस अधिकारी हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी के पद पर तैनात थे.
दोपहर लगभग 12:30 बजे अरोड़ा अचानक अपने कार्यालय से निकले और बिना किसी को बताए ऊपरी मंजिल पर पहुंच गए. वहां से उन्होंने छलांग लगा दी, जिसके कारण गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए कब्जा कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, अरोड़ा पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में थे. करीब 15 दिन पहले भी उन्होंने इसी तरह की कोशिश की थी, लेकिन सहकर्मियों ने उन्हें रोक लिया था. बताया जा रहा है कि उनकी हाल की पोस्टिंग और कार्यस्थल से जुड़े मुद्दों को लेकर वे नाराज चल रहे थे. उन्होंने उच्च अधिकारियों से भी इस बारे में बात की थी. घटना के दिन सुबह भी उन्होंने अपनी स्थिति पर असंतोष जताया था.
गणेश दास अरोड़ा 58 वर्ष के थे और इसी साल अक्टूबर में रिटायरमेंट होने वाली थी. उनकी पत्नी गवर्नर हाउस में नौकरी करती हैं. इस घटना ने पूरे प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ा दी है. पुलिस अब परिवार, सहकर्मियों के बयानों और अन्य सबूतों के आधार पर पूरी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके. प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव को मुख्य वजह माना जा रहा है.