हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक शादी कुछ ही घंटों में टूट गई, जब नवविवाहिता ने शादी के अगले दिन सुबह पुलिस थाने में जाकर घोषणा कर दी कि वह अपने पति के बजाय अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्ष अलग होने पर सहमत हो गए हैं. युवती अपने परिवार के साथ वापस चली गई है.
यह महिला मंगलवार रात देर से शादी के बाद अपने पति के घर ले जाई गई थी. उसने कथित तौर पर विवाह को पूरा करने (सुहागरात मनाने) से इनकार कर दिया और सुबह होते ही पुलिस थाने के लिए निकल गई.
वहां उसने अधिकारियों को बताया कि यह शादी परिवार के दबाव में जबरदस्ती कराई गई थी और वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है. पुलिस ने दोनों परिवारों को थाने बुलाया और कई घंटों तक काउंसलिंग सेशन चलाए.
सुलह-समझौते के प्रयासों के बावजूद महिला अपने फैसले पर अड़ी रही. दूल्हे ने पुलिस को बताया कि उसे लड़की के किसी पूर्व संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और अगर उसे पहले पता चलता तो यह शादी कभी नहीं होती.
साथ रहने की कोई संभावना न देख दोनों पक्षों ने उसी दिन आपसी सहमति से अलग होने पर सहमति जताई. महिला अपने परिवार के साथ वापस चली गई, जबकि दूल्हे के परिवार ने शादी को औपचारिक रूप से खत्म करने की प्रक्रिया शुरू कर दी.