नई दिल्ली: ई20 पेट्रोल को लेकर देशभर में विवाद बढ़ता जा रहा है. कई कार मालिकों के शिकायत करने के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट कर दिया कि आम कार मालिक खुद सटीक माइलेज नहीं चेक कर सकते. ABP न्यूज को दिए इंटरव्यू में गडकरी ने कहा, "आप और मैं माइलेज चेक नहीं कर सकते. कार का माइलेज केवल कंपनी अधिकृत डीलर की मशीन से ही चेक किया जा सकता है."
उन्होंने कहा कि कार मालिकों को डैशबोर्ड पर दिखने वाले आंकड़ों पर भरोसा नहीं करना चाहिए. सरकार ने अप्रैल 2026 से देशभर में E20 पेट्रोल (20% इथेनॉल मिश्रण) अनिवार्य कर दिया है. कई पुरानी कारों के मालिक दावा कर रहे हैं कि माइलेज 10-20% तक घट गया है. गडकरी ने कहा कि कुछ वाहनों में 3-5% माइलेज कम हो सकता है, लेकिन यह एकमात्र पैरामीटर नहीं है.
पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी स्वीकार किया कि कुछ वाहनों में माइलेज प्रभावित हो सकता है, लेकिन इथेनॉल ब्लेंडिंग से आयात कम होने और किसानों को फायदा होने जैसे फायदे भी हैं. कई लोग कह रहे हैं कि 2023 से पहले की कारों में E20 पेट्रोल का इस्तेमाल करने से इंजन में समस्या हो रही है. गडकरी ने सलाह दी कि सटीक जानकारी के लिए अधिकृत डीलर पर जांच करवाएं.