झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. 24.90 लाख रुपये की लूट के आरोप में यूपी पुलिस के तीन सिपाहियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि तीनों ने वर्दी का गलत इस्तेमाल करते हुए खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी को निशाना बनाया.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मुंशी कारोबारी की नकदी लेकर जा रहा था. इसी दौरान वर्दी पहने तीन लोगों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि उसे कार में जबरन बैठाया गया, उसके साथ मारपीट की गई और लगभग 24.90 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया गया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
मामले की सूचना मिलते ही झांसी पुलिस ने जांच शुरू की. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. जांच के दौरान संदिग्ध कार का नंबर पुलिस के हाथ लगा. वाहन के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी यूपी पुलिस के सिपाही हैं, जो उरई पुलिस लाइन से छुट्टी लेकर आए थे.
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके कब्जे से मामले से जुड़े साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं. विभाग ने तत्काल प्रभाव से तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ लूट, अपहरण, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.