बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली से शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक महिला ने खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी बताकर पहले फेसबुक के जरिए एक युवक से दोस्ती की. बातचीत बढ़ी, दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में शादी भी हो गई. पीड़ित का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसे महिला की असलियत का पता चला. जांच-पड़ताल में सामने आया कि वह न तो IAS अधिकारी थी और न ही उसने अपने बारे में बताए गए कई दावे सही थे. जब युवक ने इस बारे में महिला से सवाल किया तो उसने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि ज्यादा पूछताछ की गई तो वह दहेज और अन्य मामलों में पूरे परिवार को फंसा देगी.
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि महिला ने शादी के बाद 40 लाख रुपये की मांग की. रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाकर बर्बाद करने की धमकी दी गई. लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर युवक ने आखिरकार पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया, उसे न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब महिला के दावों, दस्तावेजों और उसके खिलाफ लगे अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या उसने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी अपना शिकार बनाया है.
यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर हुई पहचान और बिना पर्याप्त जानकारी के रिश्ते तय करने के जोखिमों को उजागर करता है. पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि विवाह से पहले सामने वाले की पहचान, नौकरी और दस्तावेजों का पूरी तरह सत्यापन अवश्य करें. ताकि, किसी प्रकार की ठगी से बचा जा सके.