नई दिल्ली: फिल्म 3 इडियट्स में चतुर रामलिंगम का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्या ने लद्दाखी कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है. जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक की सेहत बिगड़ने पर ओमी ने भावुक अपील की, "मैं फुन्सुख वांगडू को मरने नहीं देना चाहता!"
ओमी वैद्या ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, "हेलो इडियट्स, पहचाना? मैं ओमी वैद्या... चतुर 3 इडियट्स से. आप जानते हैं कि आमिर खान का किरदार फुन्सुख वांगडू असल जिंदगी में सोनम वांगचुक पर आधारित है? मैं उनसे मिल चुका हूं. वो बहुत प्रभावशाली इंसान हैं."
स्वास्थ्य को लेकर चिंता
सोनम वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं. आयोजक Cockroach Janta Party (CJP) के अनुसार, अब तक उनकी वजन 9 किलो घट चुका है और ब्लड शुगर बेहद कम हो गया है. वे NEET पेपर घोटाले, शिक्षा व्यवस्था, लद्दाख की स्वायत्तता और पर्यावरण के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. ओमी ने कहा, "चाहे आप उनसे सहमत हों या नहीं, मैं नहीं चाहता कि ये शख्स मर जाए. कृपया इस मुद्दे पर ध्यान दीजिए."
प्रशांत भूषण का भी समर्थन
वकील-कार्यकर्ता प्रशांत भूषण ने भी ओमी के वीडियो को शेयर करते हुए पूछा, "आमिर खान अब क्या करेंगे?" वांगचुक की हड़ताल 16वें दिन पहुंच गई है, जबकि पूरा प्रदर्शन 24वें दिन में है. 20 जुलाई को संसद की मानसून सत्र की शुरुआत पर शांतिपूर्ण मार्च का भी ऐलान किया गया है. 3 इडियट्स के पॉपुलर किरदार के जरिए सोनम वांगचुक के संघर्ष को मिला यह समर्थन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.