जयपुर: जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर बड़ा विवाद हो गया. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम जब ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत स्कूल का हाल देखने पहुंची, तो ग्रामीणों से झड़प हो गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ FIR दर्ज करा दी है.
शुक्रवार को हुई इस घटना में CJP टीम पर हमला होने और उनकी गाड़ियों की खिड़कियां तोड़े जाने का आरोप है. शनिवार सुबह प्रशासन ने छात्रों को नए परिसर में शिफ्ट कर दिया. स्कूल की इमारत असुरक्षित घोषित होने के बाद बच्चे लंबे समय से मवेशी बाड़े में पढ़ रहे थे.
क्या हुआ था?
CJP का आरोप है कि स्थानीय निवासी, जिन्हें पार्टी ने बीजेपी गुंडे बताया, उन्होंने टीम पर हमला किया. पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि हमारे पास वीडियो और सारे सबूत हैं. अगर उनके पास भी सबूत हैं तो दिखाएं.” उन्होंने हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है.
ग्रामीणों का पक्ष अलग है. उन्होंने आरोप लगाया कि CJP टीम बड़ी संख्या में पहुंची और गांव में डर का माहौल बना दिया. बच्चों में भय फैल गया और वे स्कूल नहीं आ रहे थे. शिबदसपुरा थाने के SHO राजेश गौतम के अनुसार, शुक्रवार रात एक स्थानीय ग्रामीण ने शिकायत दर्ज कराई. वहीं CJP सदस्य की शिकायत पर दूसरा FIR दर्ज हुआ, जिसमें टीम सदस्यों पर मारपीट का आरोप है.
वीडियो में क्या दिखा?
घटना के कथित वीडियो में बड़ी संख्या में लोग CJP टीम से गरमागरम बहस करते दिख रहे हैं. धक्का-मुक्की हुई और टीम गांव में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी. कुछ क्लिप्स में गाड़ियों की तोड़ी हुई खिड़कियां भी नजर आ रही हैं. ग्रामीणों ने बताया कि सरकार ने स्कूल की मरम्मत के लिए पहले ही फंड मंजूर कर दिया है और काम स्थानीय स्तर पर हो सकता है.