ग्वालियर के एसपी ऑफिस के पास स्टेट जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर रोहित गिरवाल की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. उसकी हत्या की गई है या किसी अन्य वजह से उनकी मौत हुई है? अभी तक इसका जवाब नहीं मिल पाया है.
मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि सबसे पहले उनकी लाश को एसपी ऑफिस में तैनात एक सिपाही ने देखा था. प्रत्यक्षदर्शी सिपाही ने कहा है कि उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने एक इनोवा कार को रुकते हुए देखा, जिसमें एक आदमी लेटा हुआ था. वह बिल्कुल भी हिलडुल नहीं रहा था.
काफी देर तक ऐसे ही पड़ा रहा तो उसे शक हुआ, तब उसने पास जाकर देखा. लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी. शुरुआत में लगा कि उन्हें हार्ट अटैक आया है, जिसके बाद उन्हें सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ.
प्रत्यक्षदर्शी सिपाही विश्वनाथ ने बताया कि उसका शरीर अकड़ा हुआ था. इस दौरान और भी पुलिस कर्मचारी वहां पहुंच गए और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलते है मृतक के परिजन और जीएसटी अधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शुरुआती जांच के बाद पता नहीं चल पाया है कि जीएसटी डिप्टी कमिश्नर रोहित गिरवाल की मौत किस वजह से हुई है. पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं उनकी हत्या तो नहीं की गई है. वहीं, हार्ट अटैक के एंगल से भी जांच की जा रही है.
शुरुआती कार्रवाई के बाद पुलिस सभी सवालों का जवाब तलाशने में जुट गई है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पीएम के बाद मौत के असली कारणों का पता चल सकता है. फिलहाल सभी एंगल से जांच की जा रही है.