दिल्ली में एक तरफ पानी की समस्या गहराती जा रही है, वहीं दूसरी तरफ राजनीति जारी है. भाजपा दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगा रही है, वहीं AAP हरियाणा की बीजेपी सरकार पर निशाना साध रही है. इस बीच लोग पानी को लेकर दर-दर भटक रहे हैं.
वहीं आज दिल्ली की जलमंत्री आतिशी ने पानी की समस्या को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन करने का निर्णय लिया है. इससे पहले आतिशी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट भी किया था. पोस्ट में उन्होंने कहा है कि दिल्ली में पानी की समस्या बरकरार है और आज भी 28 लाख लोगों को पनी नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा है कि हरियाणा की सरकार दिल्ली को पानी नहीं दे रही है. राष्ट्रपिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सिखाया है कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना हो, तो सत्याग्रह का रास्ता का रास्ता अपनाना होगा.
आतिशी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने आगे कहा कि आज से पानी सत्याग्रह करूंगी. उन्होंने कहा है कि जब तक दिल्ली वालों को हरियाणा से उनके हक का पानी नहीं मिलेगा, तब तक अनशन करती रहूंगी. बूधवार को भी उन्होंने जल समस्या को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखने की जानकारी दी थी और 21 जून से अनिश्चितकालीन अनशन करने की बात कही थी.
बता दें कि आतिशी ने दावा किया है हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं छोड़ रहा है, इसलिए दिल्ली के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. उन्होंने दावा किया है कि दिल्ली में 28 लाख लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं और इसके लिए हरियाणा की बीजेपी सरकार ही जिम्मेदार है.
बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर बोला हमला
वहीं बीजेपी नेता आरपी सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले दस साल में दिल्ली जल बोर्ड की हालत बहुत खराब कर दी है. उन्होंने कहा कि हमेशा मुनाफे में चल रही कंपनी को घाटे की कंपनी बना दिया. आरपी सिंह ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के जो विधायक पहले कहते थे कि टेंकर माफिया के खिलाफ हैं आज वो उनके साथ मिलकर पैसा कमा रहे हैं.