समस्तीपुर: बिहार पुलिस में एक दुखद घटना ने पूरे महकमे को झकझोर दिया है. डायल 112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बबलू प्रसाद ने मोहीउद्दीननगर थाने के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. शनिवार सुबह थाना परिसर में ऊपरी मंजिल के खाली कमरे में बबलू प्रसाद का शव लटका मिला. पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है.
स्टाफ जब स्नान के लिए ऊपर गया तो यह चौंकाने वाला दृश्य देखकर हैरान रह गया. घटना की सूचना मिलते ही एसपी अवधेश दीक्षित मौके पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को ही बगहा जिला निवासी बबलू प्रसाद का ट्रांसफर मोहीउद्दीननगर थाने से कल्याणपुर थाने में कर दिया गया था. उन्हें शनिवार को नए थाने में जॉइन करना था, लेकिन सुबह ही उन्होंने यह कदम उठा लिया.
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. उनके सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है और परिवार को सूचना दे दी गई है. विभाग परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराएगा. मामले की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी. यह घटना पुलिस विभाग में ट्रांसफर और तनाव को लेकर चर्चा का विषय बन गई है.